कुठौंद (जालौन) विकासखंड कुठौंद की ग्राम पंचायत सलेमपुर कालपी में जालौन पुलिस की ओर से जन चौपाल एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचाव, यातायात नियमों के पालन, महिला सुरक्षा, मिशन शक्ति तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ग्राम प्रधान दिलीप दुहौलिया के द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी जालौन अजय कुमार सिंह, , प्रभारी निरीक्षक कुठौंद विजय कुमार पांडेय सहित पुलिस अधिकारी, ग्राम प्रधान एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
अनाथ छात्रा की पढ़ाई का उठाया जिम्मा
जन चौपाल के दौरान गांव की कक्षा नौ में पढ़ने वाली छात्रा खुशी की स्थिति की जानकारी पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह को हुई। छात्रा के माता-पिता का निधन हो चुका है। छात्रा की पढ़ाई में आर्थिक परेशानी न आए, इसे देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने मानवीय पहल करते हुए उसकी शिक्षा की पूरी जिम्मेदारी उठाने की घोषणा की।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि छात्रा की पूरे वर्ष की फीस, पढ़ाई की आवश्यक सामग्री और एक साइकिल उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि उसे विद्यालय आने-जाने और पढ़ाई में किसी प्रकार की परेशानी न हो। पुलिस अधीक्षक की इस पहल से कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने सराहना करते हुए इसे जरूरतमंद परिवार के लिए बड़ी मदद बताया।
वहीं, ग्राम प्रधान दिलीप दुहौलिया ने भी छात्रा खुशी की मदद के लिए 11 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया। पुलिस अधीक्षक और ग्राम प्रधान की इस पहल से छात्रा की शिक्षा जारी रखने में काफी मदद मिलने की उम्मीद है।
साइबर अपराध और यातायात नियमों को लेकर किया जागरूक
जन चौपाल में पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचने के लिए विशेष सावधानी बरतने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड, बैंक खाते या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
इसके साथ ही यातायात नियमों का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करने के ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
महिला सुरक्षा के संबंध में मिशन शक्ति अभियान की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने महिलाओं और बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में पुलिस से सहायता लेने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और सुरक्षा से संबंधित मामलों में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। पुलिस अधीक्षक द्वारा छात्रा खुशी की शिक्षा का जिम्मा उठाए जाने और ग्राम प्रधान द्वारा आर्थिक सहायता की घोषणा किए जाने की पहल पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय रही।
रिपोर्टर- अनूप मिश्रा जालौन













