कानपुर देहात। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कानपुर देहात पुलिस ने यातायात पुलिस और थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। 3 और 4 अक्टूबर की रात चलाए गए अभियान में मोडिफाई साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, फाल्टी नंबर प्लेट और शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच की गई।
पुलिस टीमों ने संदिग्ध वाहनों को रोककर साइलेंसर, हॉर्न और नंबर प्लेट की जांच की। वहीं ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से वाहन चालकों की जांच की गई। इसके अलावा बसों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए मेडिकल किट, अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन द्वार और ओवरलोडिंग समेत निर्धारित सुरक्षा मानकों की भी जांच की गई।
विशेष अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 45 वाहनों का चालान कर कुल 3 लाख 78 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूल किया गया। मोडिफाई साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, फाल्टी नंबर प्लेट और नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। यातायात नियमों के पालन के लिए ऐसे आकस्मिक चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं और स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें।













