कानपुर देहात। सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए कानपुर देहात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में जिलेभर में अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट, ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट और बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 505 वाहनों का चालान किया।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करें तथा वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ ही वाहन चलाएं। पुलिस के अनुसार सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।













