राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
कानपुर देहात। तहसील सिकंदरा में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी कपिल सिंह और पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम और एसपी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। जरूरत पड़ने पर संबंधित अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजकर कार्रवाई की जाए। विशेष रूप से भूमि विवाद से जुड़े मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा समन्वय के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि फरियादियों को अपनी समस्या के समाधान के लिए अलग-अलग विभागों के चक्कर न लगाने पड़ें। मामलों का त्वरित, पारदर्शी और न्यायपूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद ने तहसील डेरापुर में आयोजित समाधान दिवस में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं। वहीं सभी क्षेत्राधिकारी ने अपने-अपने सर्किल की तहसीलों में आयोजित समाधान दिवस में उपस्थित रहकर फरियादियों की शिकायतें सुनीं।












