23 वाहनों की जांच, दो के विरुद्ध ऑनलाइन चालान 2.21 लाख का जुर्माना अधिरोपित
जालौन। जिलाधिकारी समीर व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देश पर अवैध खनन, उपखनिजों के अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग के विरुद्ध प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में उपजिलाधिकारी कालपी विनय मौर्य, पुलिस क्षेत्राधिकारी कालपी, खान अधिकारी/खान निरीक्षक जालौन तथा एआरटीओ जालौन की संयुक्त टीम ने मध्य रात्रि में उपखनिजों का परिवहन करने वाले वाहनों की सघन चेकिंग की।
चेकिंग अभियान के दौरान कुल 23 वाहनों की जांच की गई। जांच में मौरम लदे दो वाहन बिना वैध परिवहन प्रपत्र के उपखनिज का परिवहन करते पाए गए। दोनों वाहनों के विरुद्ध ऑनलाइन चालान की कार्रवाई की गई, जबकि एक वाहन को थाना कदौरा मंडी की अभिरक्षा में दिया गया। खनिज एवं परिवहन विभाग द्वारा दोनों वाहनों पर कुल 2.21 लाख रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया है, जिसकी नियमानुसार वसूली की जाएगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। जनपद में खनिजों के परिवहन की नियमित निगरानी की जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों एवं संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।















