

कानपुर देहात। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर कानपुर देहात पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 6.0 के अंतर्गत रविवार को जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में पुलिस टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थानों और ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं तथा बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और विभिन्न अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने महिला हेल्पलाइन 181, महिला शक्ति लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112 और 1076 सहित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया।
इसके साथ ही महिलाओं को UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ उठाने की जानकारी दी गई। सोशल मीडिया पर होने वाले साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के तरीके भी समझाए गए।
पुलिस टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को पॉक्सो एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम से जुड़े कानूनी अधिकारों की जानकारी दी।
कानपुर देहात पुलिस ने बताया कि मिशन शक्ति 6.0 के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने और आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास लगातार किया जा रहा है।
पुलिस ने अपील की कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में महिलाएं बिना संकोच नजदीकी थाने अथवा संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।
Author: Jansan Desh 24














