पुखरायां भोगनीपुर में मतदाता सूची को लेकर सक्रिय हुए समाजवादी कार्यकर्ता, काशिफ खान ने बूथों पर पहुंचकर भरवाए फॉर्म-6 और फॉर्म-8

 

BLA एवं बूथ अध्यक्षों के साथ की संगठनात्मक बैठक, मतदाता सूची पर पैनी नजर रखने की अपील; बोले- किसी पात्र मतदाता का नाम न कटे और कोई फर्जी वोट न जुड़ने पाए।

भोगनीपुर/पुखरायां, कानपुर देहात। समाजवादी पार्टी के बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और मतदाता सूची को दुरुस्त रखने के उद्देश्य से पार्टी कार्यकर्ताओं ने जमीनी स्तर पर अपनी सक्रियता तेज कर दी है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी युवजन सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष काशिफ खान ने आज पुखरायां क्षेत्र के विभिन्न बूथों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत पात्र नागरिकों के फॉर्म-6 एवं फॉर्म-8 भरवाने में सहयोग किया।

अभियान के दौरान काशिफ खान ने समाजवादी पार्टी के BLA (बूथ लेवल एजेंट) एवं बूथ अध्यक्षों से मुलाकात कर बूथवार संगठन की स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची का गंभीरता से निरीक्षण करने और प्रत्येक बूथ पर मतदाताओं के नामों का सत्यापन करने की अपील की।

काशिफ खान ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदान का अधिकार सुरक्षित रहना चाहिए। मतदाता सूची में नए पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने के साथ-साथ नाम, पता एवं अन्य विवरणों में आवश्यक संशोधन के लिए फॉर्म-8 की प्रक्रिया पर भी ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने पार्टी के BLA और बूथ अध्यक्षों से विशेष रूप से आग्रह किया कि वे हर वोट पर पैनी नजर रखें, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से न कटने पाए और किसी भी अपात्र या फर्जी मतदाता का नाम सूची में शामिल न हो सके।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ की जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी और सतर्कता के साथ निभाए। बूथ मजबूत होगा, तभी संगठन मजबूत होगा। कार्यकर्ताओं को घर-घर संपर्क कर मतदाताओं को जागरूक करने और मतदाता सूची से संबंधित समस्याओं के समाधान में सहयोग करने की जरूरत है।

काशिफ खान ने आगे कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता PDA की आवाज को मजबूत करने के साथ-साथ लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार जनता के बीच काम कर रहा है। संगठन की असली ताकत बूथ स्तर पर सक्रिय और जिम्मेदार कार्यकर्ता होते हैं।
इस मौके पर रहे मौजूद
इस अभियान में पूर्व जिला प्रवक्ता युवजन सभा सैय्यद अबू अजहरी, सेक्टर प्रभारी हारून खान, जोन प्रभारी उवैस दीवान, काजिम अली सहित अन्य समाजवादी साथी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में पूरी सक्रियता के साथ सहयोग करने का संकल्प लिया।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें