पुखरायां, कानपुर देहात। भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत समाजवादी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष राघव अग्निहोत्री ने कस्बा पुखरायां, अहरौली और पुखरायां मंडी समिति सहित विभिन्न क्षेत्रों में दर्जनों बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से संपर्क किया और मतदाता सूची से संबंधित कार्यों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान राघव अग्निहोत्री ने फॉर्म नंबर 6, 7 और 8 से संबंधित फॉर्म भरने की प्रक्रिया तथा उनके उपयोग और आवश्यकताओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने लोगों को मतदाता सूची में अपना नाम जांचने, छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने और आवश्यक संशोधन कराने के लिए जागरूक किया। साथ ही पात्र लोगों से मतदाता सूची में अपना नाम बढ़वाने के लिए आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम होना जरूरी है। किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची में छूटना नहीं चाहिए। इसके लिए कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर लोगों की सहायता करनी चाहिए।
इस मौके पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव कासिफ खान, बीएलए एडमिन अबू अजहरी और सेक्टर प्रभारी काजिम अली सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने मतदाता जागरूकता अभियान में सहभागिता करते हुए बूथ स्तर पर लोगों से संपर्क किया।
Author: Jansan Desh 24














