कानपुर देहात। थाना गजनेर पुलिस ने स्कूल में हुई चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक इनवर्टर, एक समरसेबल और चोरी की बैट्री बेचकर मिले 2,200 रुपये नकद बरामद किए हैं।
स्कूल से चोरी हुआ था सामान
13 अगस्त की रात हिलौती पियासी स्थित रामऔतार सत्यावती इंटर कॉलेज से इनवर्टर, बैट्री और समरसेबल सहित अन्य सामान चोरी हुआ था। मामले में पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जिगनीपुरवा निवासी 32 वर्षीय जीतू और 22 वर्षीय रोहित को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी करने की बात बताई।
दिन में करते थे रेकी, रात में चोरी
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिन में घटनास्थल की रेकी करते थे और रात में मौका पाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। चोरी की बैट्री को कबाड़ी को 4,800 रुपये में बेचकर रकम आपस में बांट ली थी।
दो अन्य आरोपी फरार
पुलिस पूछताछ में दो अन्य सहअभियुक्तों सोहेल उर्फ कलीम और रईस के नाम भी सामने आए हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।












