लूट के इरादे से शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

कानपुर देहात। शिवली थाना पुलिस ने लूट के इरादे से शराब में विषाक्त पदार्थ मिलाकर हत्या करने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनीश पुत्र रशीद, निवासी ग्राम टिकरा, थाना बिठूर, कानपुर नगर, उम्र 38 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर 2025 को अनीश ने पंडित अनूप कुमार मिश्रा को बाघपुर मेले में साथ चलने के लिए कहा। मेले में घूमने के दौरान आरोपी की नजर अनूप मिश्रा के पास मौजूद करीब 50 हजार रुपये पर पड़ी। इसके बाद उसने लूट की योजना बनाई।
आरोप है कि अनीश ने मेले से गेहूं में रखने वाली कीटनाशक दवा खरीदी और एकांत स्थान पर शराब पीने के दौरान उसे अनूप मिश्रा के गिलास में मिला दिया। शराब पीने के बाद अनूप मिश्रा अचेत होकर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। आरोपी उनकी जेब से रुपये निकालकर मौके से फरार हो गया।
मामले में पोस्टमार्टम के दौरान मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर विसरा सुरक्षित किया गया था। विधि विज्ञान प्रयोगशाला की रिपोर्ट में विषाक्त पदार्थ दिए जाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज की।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 1 सितंबर 2026 को शिवली थाना क्षेत्र में शेखूपुर गांव जाने वाले रास्ते पर गुप्ता सदन के पास से आरोपी अनीश को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से मृतक से लूटे गए रुपयों में से 7,500 रुपये नकद बरामद हुए।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें