कानपुर देहात। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय द्वारा प्रदेश के उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में वृद्धि करते हुए रुपये 90 प्रति क्विंटल से बढ़ाकर रुपये 125 प्रति क्विंटल किए जाने की घोषणा का जनपद कानपुर देहात के उचित दर विक्रेताओं ने स्वागत किया है।
प्रदेश सरकार द्वारा पारित आदेश के अनुसार उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में रुपये 35 प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है, जिससे प्रदेश के हजारों उचित दर विक्रेताओं को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा। इस महत्वपूर्ण निर्णय पर जनपद कानपुर देहात के समस्त उचित दर विक्रेताओं द्वारा जिलाधिकारी कानपुर देहात के माध्यम से एक ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।
ज्ञापन में उचित दर विक्रेताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति हृदय से कृतज्ञता व्यक्त करते हुए खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय का विशेष आभार प्रकट किया। विक्रेताओं ने कहा कि मंत्री ने उनकी समस्याओं एवं हितों को गंभीरता से लेते हुए लाभांश वृद्धि के लिए प्रभावी प्रयास किए, जिसके फलस्वरूप यह महत्वपूर्ण निर्णय संभव हो सका।
उचित दर विक्रेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश सरकार भविष्य में भी जन वितरण प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा उचित दर विक्रेताओं के हितों के संरक्षण के लिए इसी प्रकार सकारात्मक कदम उठाती रहेगी।









