कानपुर देहात। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर देहात द्वारा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की योजनाओं के जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन एवं आमजन को विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से “मेगा अवेयरनेस ड्राइव फॉर इम्प्लीमेंटेशन ऑफ नालसा स्कीम एट द ग्रासरूट लेवल” के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर देहात द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार माननीय उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में जनपद के ग्राम नरीहा, विकास खंड अकबरपुर को उक्त अभियान हेतु चयनित किया गया है। इसके अंतर्गत दिनांक 03 सितम्बर 2026 को ग्राम नरीहा में मेगा जागरूकता शिविर आयोजित किया जाएगा।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को उपलब्ध कराई जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही निःशुल्क विधिक सहायता, महिला एवं बाल अधिकार, श्रमिक कल्याण योजनाएं, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं तथा अन्य सरकारी योजनाओं के संबंध में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने संबंधित विभागों से अपेक्षा की है कि वे अपने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के लाभार्थियों सहित शिविर में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ प्राप्त हो सके।









