जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देश पर विभिन विभागों ने संभावित बाढ़ प्रभावित गांवों का किया भ्रमण।

 

राजस्व, स्वास्थ्य, पंचायत, पशुपालन एवं बाल पुष्टाहार विभाग की संयुक्त टीम ने गांवों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा।

पशुओं के टीकाकरण, साफ-सफाई, जलभराव की स्थिति एवं बीमार व्यक्तियों की जांच कर दवाओं का किया गया वितरण।

वर्षा जनित बीमारियों से बचाव एवं स्वच्छता के प्रति ग्रामीणों को किया गया जागरूक।

बाढ़ प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों के साथ बैठक कर आवश्यक तैयारियों पर हुई चर्चा।

संभावित बाढ़ प्रभावित गांवों में प्रशासन की सक्रियता, ग्रामीणों को राहत एवं बचाव के प्रति किया गया जागरूक

 

कानपुर देहात। जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देश पर उप जिलाधिकारी भोगनीपुर देवेन्द्र सिंह के द्वारा राजस्व, स्वास्थ्य, पंचायत, पशुपालन एवं बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की संयुक्त टीम द्वारा संभावित बाढ़ प्रभावित एवं अत्यधिक वर्षा के कारण बाढ़ के प्रति संवेदनशील ग्रामों का भ्रमण एवं स्थलीय निरीक्षण किया गया।
संयुक्त टीम द्वारा ग्राम दिवैर, ट्योंगा, दौलतपुर आदि का भ्रमण कर वर्तमान परिस्थितियों का जायजा लिया गया तथा ग्रामीण क्षेत्रों में वर्षा एवं संभावित जलभराव के दृष्टिगत आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की गई। अधिकारियों एवं संबंधित विभागीय कर्मचारियों द्वारा ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी ली गई।
निरीक्षण के दौरान पशुपालन विभाग द्वारा पशुओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के दृष्टिगत टीकाकरण का कार्य कराया गया। ग्रामीणों को पशुओं को संक्रामक एवं वर्षा जनित बीमारियों से बचाने के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही पशुओं के रहने वाले स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने तथा जलभराव की स्थिति उत्पन्न न होने देने के संबंध में भी जागरूक किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में बीमार एवं अस्वस्थ व्यक्तियों की जांच की गई तथा आवश्यकतानुसार दवाओं का वितरण किया गया। ग्रामीणों को वर्षा के मौसम में होने वाली संभावित बीमारियों से बचाव के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल का प्रयोग करने, आसपास साफ-सफाई रखने, दूषित एवं बासी खाद्य पदार्थों के सेवन से बचने तथा जलभराव वाले स्थानों पर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई।
पंचायत विभाग द्वारा गांवों में साफ-सफाई एवं जलभराव की स्थिति का निरीक्षण किया गया। संबंधित कर्मचारियों को गांवों में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने, नालियों एवं जल निकासी की व्यवस्था सुचारु रखने तथा जहां आवश्यक हो वहां तत्काल साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए गए, जिससे वर्षा के कारण उत्पन्न होने वाली समस्याओं को नियंत्रित किया जा सके।
इसी क्रम में राजस्व विभाग द्वारा संभावित बाढ़ की स्थिति को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया गया तथा ग्रामीणों से बाढ़ के दौरान उत्पन्न होने वाली संभावित समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। प्रशासन द्वारा ग्रामीणों को आश्वस्त किया गया कि किसी भी आपात स्थिति में आवश्यक सहायता एवं राहत पहुंचाने के लिए संबंधित विभागों को सक्रिय रखा गया है।
भ्रमण के दौरान बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की टीम द्वारा भी संबंधित क्षेत्रों में पहुंचकर आवश्यक जानकारी ली गई तथा बच्चों एवं परिवारों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य से संबंधित आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक किया गया।
संयुक्त टीम द्वारा ग्रामीणों के साथ बाढ़ प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। संभावित बाढ़ की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर जाने, प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देने के संबंध में ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि अत्यधिक वर्षा अथवा जलभराव की स्थिति में अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में न जाएं तथा बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी के साथ सुरक्षित स्थानों पर रखें। साथ ही किसी भी प्रकार की बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच एवं उपचार कराने के लिए कहा गया।
उप जिलाधिकारी भोगनीपुर देवेन्द्र सिंह ने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि संभावित बाढ़ एवं अत्यधिक वर्षा की स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की समस्या की सूचना प्राप्त होने पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि संभावित बाढ़ एवं वर्षा जनित परिस्थितियों को लेकर सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाए रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है, ताकि ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें समय से राहत एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें