मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना से बेटियों के जन्म से शिक्षा तक मिल रहा आर्थिक संबल

 

जालौन में अब तक 22,960 बेटियां लाभान्वित, 620.69 लाख रुपये की धनराशि वितरित

जालौन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकारद्वारा बेटियों के जन्म, शिक्षा एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना जनपद जालौन में बेटियों और उनके परिवारों के लिए महत्वपूर्ण आर्थिक संबल बन रही है।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि योजना के अंतर्गत बालिकाओं को उनके जीवन के विभिन्न महत्वपूर्ण चरणों में आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जिससे उनकी शिक्षा और बेहतर भविष्य की राह आसान हो सके। योजना के प्रारंभ से अब तक जनपद जालौन में 22,960 लाभार्थियों को लाभान्वित करते हुए कुल 620.69 लाख रुपये की धनराशि वितरित की जा चुकी है। योजना का उद्देश्य बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना, उनके स्वास्थ्य एवं शिक्षा को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना का लाभ बालिका के जीवन के छह चरणों में दिया जाता है। प्रथम चरण में बालिका के जन्म पर 5,000 रुपये, द्वितीय चरण में एक वर्ष के भीतर पूर्ण टीकाकरण होने पर 2,000 रुपये, तृतीय चरण में चालू शैक्षिक सत्र के दौरान कक्षा-1 में प्रवेश लेने पर 3,000 रुपये, चतुर्थ चरण में कक्षा-6 में प्रवेश लेने पर 3,000 रुपये, पंचम चरण में कक्षा-9 में प्रवेश लेने पर 5,000 रुपये तथा षष्ठम चरण में ऐसी बालिकाएं, जिन्होंने कक्षा-10/12 उत्तीर्ण कर चालू शैक्षिक सत्र में स्नातक अथवा कम से कम दो वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रम में प्रवेश लिया हो, उन्हें 7,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इस प्रकार पात्र बालिका को विभिन्न चरणों में कुल 25,000 रुपये तक की सहायता प्राप्त होती है।योजना का लाभ पात्र परिवारों को निर्धारित मानकों के अनुसार ऑनलाइन आवेदन एवं सत्यापन की प्रक्रिया के माध्यम से प्रदान किया जाता है। प्रदेश सरकार का उद्देश्य है कि आर्थिक परिस्थितियां किसी भी बेटी की शिक्षा और विकास में बाधक न बनें। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के माध्यम से सरकार बेटियों को जन्म से लेकर उच्च शिक्षा तक प्रोत्साहित करते हुए ‘बेटी के सम्मान, शिक्षा और आत्मनिर्भरता’ की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें