पुखरायां। भारी बारिश के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग के नाले से बहकर आया पानी पुखरायां के दीनदयाल नगर में सैनिक मैरिज हाल के पीछे स्थित मोहल्ले की सड़कों और घरों में घुस गया। जलभराव के चलते स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं घरों के आसपास पानी जमा होने से बीमारी और संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बारिश के पानी की उचित निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग का पानी मोहल्ले की ओर आ गया। सड़कों पर पानी जमा होने के साथ ही कई घरों के आसपास भी जलभराव की स्थिति बन गई है। लंबे समय तक पानी जमा रहने से मच्छर, कीड़े-मकौड़े और अन्य संक्रामक जीवों के पनपने की आशंका बनी हुई है।
लोगों का कहना है कि जलभराव के कारण बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। गंदे पानी के चलते संक्रमण फैलने की भी आशंका है। इसके बावजूद संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से समस्या के समाधान के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
स्थानीय लोगों मुसाहिब अली मेराज खान लालू मंसूरी मेराज इदरीश रेहान खान इमरान रज़ा जीतू सिंह विकास कठेरिया ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराकर जमा पानी को हटवाया जाए तथा भविष्य में राष्ट्रीय राजमार्ग का पानी मोहल्ले में आने से रोकने के लिए स्थायी समाधान कराया जाए।









