कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने सोमवार को थाना रूरा स्थित डिजिटल मालखाने का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने माल के वर्गीकरण, अभिलेखीकरण, सुरक्षित रख-रखाव और डिजिटल रिकॉर्ड की स्थिति का जायजा लिया।
डिजिटल मालखाने में माल मुकदमाती, माल कुर्की, जामा तलाशी, लावारिस एवं अन्य विभिन्न श्रेणियों में माल का व्यवस्थित वर्गीकरण किया गया है। वर्षवार रैक एवं सब-रैक में रखे माल की जानकारी डिजिटल माध्यम से आसानी से प्राप्त की जा सकती है। सॉफ्टवेयर में अपराध संख्या दर्ज करने पर संबंधित मुकदमे के माल की रैक लोकेशन की जानकारी मिल जाती है।
वहीं QR कोड स्कैन करने पर संबंधित बॉक्स में रखे माल की पूरी जानकारी, जिसमें माल का प्रकार, मुकदमा संख्या और विवेचक आदि का विवरण शामिल है, तत्काल प्राप्त किया जा सकता है। डिजिटल मालखाना डैशबोर्ड के माध्यम से थाने में उपलब्ध कुल माल तथा विभिन्न श्रेणियों में दर्ज माल का विवरण भी देखा जा सकता है।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने डिजिटल व्यवस्था की सराहना करते हुए माल के सुव्यवस्थित अभिलेखीकरण, वर्गीकरण और सुरक्षित रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्रणाली से माल की त्वरित पहचान और लोकेशन की जानकारी मिलने से मालखाने की कार्यप्रणाली अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और सुगम हुई है।
एसपी ने संबंधित पुलिसकर्मियों से डिजिटल प्रविष्टियों एवं अभिलेखों की जानकारी लेते हुए रिकॉर्ड को लगातार अद्यतन रखने तथा माल के सुरक्षित रख-रखाव में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।









