कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश राज्य स्थानीय ग्रामीण निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष एवं सदस्यगण का दिनांक 25 अगस्त, 2026 को जनपद कानपुर देहात का भ्रमण प्रस्तावित है। आयोग के अध्यक्ष एवं सदस्यगण जनपद में अन्य पिछड़ा वर्गों की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ बैठक एवं जन सुनवाई में आपत्तियां एवं सुझाव प्राप्त करेंगे। आयोग में न्यायमूर्ति राम औतार सिंह अध्यक्ष, बृजेश कुमार (सेवानिवृत्त डी0जे0), संतोष कुमार विश्वकर्मा (सेवानिवृत्त ए0डी0जे0), डॉ0 अरविन्द कुमार चौरसिया (सेवानिवृत्त आई0ए0एस0) एवं एस0पी0 सिंह (सेवानिवृत्त आई0ए0एस0) सदस्य के रूप में शामिल हैं। दिनांक 25 अगस्त, 2026 को आयोग के अध्यक्ष एवं सदस्यगण लखनऊ से प्रातः 09.00 बजे प्रस्थान कर प्रातः 11.00 बजे कानपुर देहात पहुंचेंगे। प्रातः 11.00 से 11.30 बजे तक जिलाधिकारी के साथ जनपद के अन्य पिछड़ा वर्गों की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति के संबंध में चर्चा की जाएगी। इसके पश्चात प्रातः 11.30 बजे से अपराह्न 02.00 बजे तक बैठक एवं आयोग की जन सुनवाई आयोजित की जाएगी, जिसमें संबंधित पक्षों से आपत्तियां एवं सुझाव प्राप्त किए जाएंगे। सायं 04.00 बजे आयोग के अध्यक्ष एवं सदस्यगण जनपद से प्रस्थान करेंगे।









