मां बनखंडी देवी मंदिर और प्राचीन गणेश मंदिर के विकास से बढ़ेंगी पर्यटन की संभावनाएं
कालपी (जालौन)। धर्मनगरी कालपी के प्राचीन धर्मस्थलों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। उत्तर प्रदेश सरकार ने नगर के मां बनखंडी देवी मंदिर और प्राचीन गणेश मंदिर के पर्यटन विकास के लिए दो परियोजनाओं को मंजूरी देते हुए बजट आवंटित किया है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद रविवार को दोनों स्थलों पर विकास कार्यों का भूमि पूजन किया गया।
कार्यदायी संस्था के इंजीनियरों की मौजूदगी में क्षेत्रीय विधायक विनोद चतुर्वेदी ने विधिवत भूमि पूजन कर दोनों परियोजनाओं के विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इस दौरान उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी धर्मेंद्र शर्मा तथा उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद के अधिशासी अभियंता उमानाथ शुक्ला मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बुंदेलखंड के विकास के लिए लगातार विभिन्न परियोजनाएं संचालित कर रही है। कालपी के प्राचीन धर्मस्थल धार्मिक एवं ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। इनके विकास और सौंदर्यीकरण से क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाएं बढ़ेंगी तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि कालपी के विकास के लिए अन्य परियोजनाएं भी प्रस्तावित हैं, जिन पर जल्द ही कार्य शुरू कराया जाएगा। प्राचीन धर्मस्थलों को पर्यटन सुविधाओं से जोड़ने से कालपी की पहचान पर्यटन के क्षेत्र में और मजबूत होगी।
कार्यक्रम में रमेश मिश्रा, अमित पांडेय, मनोज चतुर्वेदी, शशिकांत सिंह चौहान, भारत सिंह यादव, सुनील पटवा, ओम प्रकाश शर्मा और राजेश द्विवेदी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान श्रद्धालुओं ने क्षेत्रीय विधायक का स्वागत किया।
आर० एन० शुक्ला पत्रकार









