उन्नाव। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को महान स्वाधीनता संग्राम सेनानी एवं अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी के बलिदान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में सहभाग कर उनकी पावन स्मृतियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुलाब सिंह लोधी का त्याग और राष्ट्रभक्ति आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देती रहेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 23 अगस्त 1935 को अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी ने मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनका बलिदान स्वाधीनता संग्राम के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज है। उन्होंने कहा कि ऐसे महान क्रांतिकारियों के त्याग और संघर्ष को समाज के सामने रखना तथा उनकी स्मृतियों को जीवंत बनाए रखना हम सभी का दायित्व है।
उन्नाव में तीन संस्थानों का नामकरण
मुख्यमंत्री ने बताया कि अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार ने जनपद उन्नाव में पार्क, स्वास्थ्य केंद्र एवं पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय का नामकरण उनके नाम पर किया है। सरकार का यह कदम महान बलिदानी को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को उनके संघर्ष और देशभक्ति से परिचित कराने का माध्यम बनेगा।
बलिदान और राष्ट्रभक्ति की मिसाल हैं गुलाब सिंह लोधी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के महान सेनानियों ने अपने जीवन की चिंता किए बिना देश की आजादी के लिए संघर्ष किया। अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी का जीवन भी त्याग, साहस और राष्ट्रप्रेम की प्रेरणादायी मिसाल है। उनके बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा और उनकी गौरवगाथा आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाई जाएगी।









