सोशल मीडिया इनफ्लुएन्सर्स संग एसपी की बैठक, जनहित और जागरूकता के संदेशों को प्रभावी बनाने पर जोर

कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनपद के सोशल मीडिया इनफ्लुएन्सर्स और कंटेन्ट क्रीएटर्स के साथ बैठक कर संवाद किया। बैठक का उद्देश्य सोशल मीडिया के माध्यम से जनहित, सामाजिक जागरूकता और सकारात्मक पुलिसिंग से जुड़े संदेशों को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना रहा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने इनफ्लुएन्सर्स और कंटेन्ट क्रीएटर्स से अपील की कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल समाज में सकारात्मकता और जागरूकता फैलाने के लिए किया जाए। महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, यातायात नियमों के पालन, नशे के दुष्प्रभाव, आपसी सौहार्द और कानून-व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लोगों को जागरूक करने में सहयोग देने पर जोर दिया गया।
एसपी ने कहा कि सोशल मीडिया आज जनसंचार का प्रभावी माध्यम बन चुका है। इनफ्लुएन्सर्स की व्यापक पहुंच को देखते हुए उनके माध्यम से प्रसारित तथ्यपरक और सकारात्मक संदेश समाज पर बड़ा प्रभाव डाल सकते हैं। उन्होंने संवेदनशील घटनाओं से जुड़ी सामग्री प्रसारित करने से पहले उसकी तथ्यात्मकता और विश्वसनीयता जांचने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक ने अपुष्ट सूचनाओं, अफवाहों और भ्रामक सामग्री के प्रसार से बचने की भी अपील की। बैठक के दौरान सोशल मीडिया इनफ्लुएन्सर्स के सुझाव सुने गए और जनहित के मुद्दों पर पुलिस एवं सोशल मीडिया क्रिएटर्स के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें