पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर डेरापुर में बढ़ी जागरूकता, 30 उपभोक्ताओं ने कराया पंजीकरण

कानपुर देहात। मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशानुसार  कानपुर देहात में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता के लिए निरंतर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को विकास खण्ड डेरापुर में जागरूकता कैम्प आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 95 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। कैम्प में परियोजना अधिकारी नेडा, खण्ड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत अधिकारी, बैंक अधिकारी, उपखण्ड अधिकारी विद्युत वितरण खण्ड डेरापुर तथा पीएम सूर्य घर योजना से संबंधित वेंडर द्वारा उपस्थित जनसमूह को योजना के लाभ, सोलर पावर प्लांट की स्थापना, पंजीकरण एवं ऋण सुविधा सहित विभिन्न प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। योजना के अंतर्गत सोलर पावर प्लांट स्थापित कराने वाले 03 उपभोक्ताओं/लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया।कैम्प के दौरान लगभग 30 विद्युत उपभोक्ताओं द्वारा वेंडर के माध्यम से पंजीकरण कराया गया। इन उपभोक्ताओं द्वारा शीघ्र ही सोलर पावर प्लांट स्थापित कराया जाएगा। बैंक अधिकारियों ने योजना के अंतर्गत ऋण के लिए प्राप्त आवेदनों पर शीघ्र ऋण उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। वहीं उपखण्ड विद्युत अधिकारी ने विद्युत भार बढ़ाने, नाम संशोधन, नेट मीटरिंग एवं निरीक्षण आदि से संबंधित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने की बात कही। जिलाधिकारी द्वारा विकास खण्ड डेरापुर में 200 सोलर पावर प्लांट स्थापित कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य की पूर्ति के लिए खण्ड विकास अधिकारी डेरापुर ने उपस्थित उपभोक्ताओं एवं विकास खण्ड से संबंधित कर्मचारियों से योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक पात्र उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ते हुए 200 सोलर पावर प्लांट की स्थापना सुनिश्चित कराने का आह्वान किया।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें