लंबित प्रकरणों का अभियान चलाकर निस्तारण, पोर्टल पर शत-प्रतिशत डाटा फीडिंग और पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध लाभ पहुंचाने के निर्देश
जालौन। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के साथ विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप प्रभावी ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं में प्राप्त अंकों, ग्रेडिंग तथा प्रदेश स्तर पर जनपद की रैंकिंग का विभागवार अवलोकन किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जनपद की रैंकिंग एवं ग्रेडिंग योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विभागीय कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण संकेतक है। जिन योजनाओं में कम प्रगति पाई गई है अथवा अपेक्षित परिणाम नहीं मिले हैं, उनके अधिकारी विशेष ध्यान देते हुए तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें। योजनाओं की प्रगति में आ रही कमियों को चिन्हित कर उनके निराकरण के लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर परिणामपरक ढंग से कार्य किया जाए। बैठक में जननी सुरक्षा योजना, फैमिली आईडी, 15वां वित्त आयोग, 5वां राज्य वित्त आयोग, डे-एनआरएलएम, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना तथा राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना की प्रगति की विशेष रूप से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना अधिकारियों की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। किसी भी पात्र लाभार्थी को योजना के लाभ से वंचित न रखा जाए। उन्होंने लंबित प्रकरणों का अभियान चलाकर निस्तारण कराने, पोर्टल पर डाटा की शत-प्रतिशत एवं समयबद्ध फीडिंग, पात्र लाभार्थियों का सत्यापन तथा योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अगली समीक्षा में कम प्रगति वाली योजनाओं में स्पष्ट सुधार दिखाई देना चाहिए। शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में लापरवाही अथवा अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जनपद की रैंकिंग को और बेहतर बनाने तथा अधिक से अधिक योजनाओं में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी एवं परिणामपरक कार्ययोजना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एच एन प्रसाद, जिला विकास अधिकारी प्रशांत पाण्डेय, डीएसटीओ नीरज चौधरी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।














