कानपुर देहात। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर आज अकबरपुर महाविद्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अजीत सिंह पाल , विधायक रसूलाबाद पूनम शंकर , भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान, अन्य जनप्रतिनिधिगण, जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जयसवाल, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं, अध्यापक गण एवं उपस्थित जन सम्मिलित हुए।
कार्यक्रम के दौरान वर्ष 1947 में देश के विभाजन के समय घटित त्रासद घटना में दिवंगत हुए लोगों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर शोक व्यक्त किया गया। उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं जनसमुदाय को विभाजन की विभीषिका, उस दौरान लोगों को झेलनी पड़ी पीड़ा तथा इसके सामाजिक एवं मानवीय दुष्परिणामों की स्मृतियों से अवगत कराया गया।
राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अजीत सिंह पाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि विभाजन की त्रासदी देश के इतिहास का अत्यंत पीड़ादायक अध्याय है। विभाजन के दौरान लाखों लोगों को विस्थापन, हिंसा और अपार पीड़ा का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस हमें उन पीड़ितों के बलिदान एवं संघर्ष को स्मरण करने के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवा पीढ़ी से इतिहास से सीख लेकर देश की एकता एवं समरसता के लिए सदैव सजग रहने का आह्वान किया।
विधायक रसूलाबाद पूनम शंखवार एवं भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए विभाजन की विभीषिका और उससे प्रभावित परिवारों की पीड़ा को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि इतिहास की इन त्रासद घटना से सीख लेकर भविष्य में ऐसी परिस्थितियों की पुनरावृत्ति को रोकना तथा राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव को और मजबूत करना है। उन्होंने युवाओं से देश की एकता एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का उद्देश्य इतिहास के उस दर्दनाक दौर की स्मृतियों को याद करने और आने वाली पीढ़ियों को उसके दुष्परिणामों से अवगत कराना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को इतिहास की वास्तविक घटनाओं से परिचित कराने के साथ ही शांति, सद्भाव, सहिष्णुता और सामाजिक एकता के महत्व को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी से आपसी भाईचारे एवं सौहार्द की भावना को मजबूत बनाए रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विभाजन से संबंधित अभिलेखों एवं चित्रों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। साथ ही विभाजन की त्रासदी और उसके प्रभावों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री/फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भावी पीढ़ी को विभाजन की त्रासदी की ऐतिहासिक स्मृतियों से परिचित कराते हुए शांति, सद्भाव, एकता एवं सामाजिक समरसता के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी, जिला विद्यालय निरीक्षक बृजभूषण चौधरी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय सहित अधिकारीगण, महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं, अध्यापक गण आदि सम्मिलित हुए तथा विभाजन की विभीषिका से मिले ऐतिहासिक सबक को स्मरण करते हुए आपसी भाईचारे, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सौहार्द को मजबूत बनाए रखने का संदेश दिया।









