तिरंगे के रंग में रंगा जालौन, गूंजा ‘भारत माता की जय’ का जयघोष

हर घर तिरंगा अभियान में उमड़ा जनसैलाब, पुलिस लाइन से टाउन हॉल तक निकली भव्य तिरंगा यात्रा, शहरवासियों ने पुष्पवर्षा कर बढ़ाया उत्साह

जालौन। हाथों में लहराता तिरंगा, जुबां पर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ का जयघोष, देशभक्ति गीतों से गूंजता वातावरण और सड़क के दोनों ओर उमड़ा नागरिकों का उत्साह, सोमवार को जिला मुख्यालय उरई का नजारा देखते ही बन रहा था। हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकली विशाल तिरंगा यात्रा ने पूरे शहर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। यात्रा में उमड़े जनसैलाब ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशप्रेम की भावना का जीवंत संदेश दिया।
पुलिस लाइन परिसर से शुरू हुई विशाल तिरंगा यात्रा में सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रशासक घनश्याम अनुरागी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने सहभागिता की। तिरंगा यात्रा जिला परिषद, अंबेडकर चौराहा और शहीद भगत सिंह चौराहा होते हुए टाउन हॉल पहुंची। यात्रा के आगे बढ़ने के साथ ही शहर की फिजा देशभक्ति के जज्बे से भरती गई। ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ के गगनभेदी उद्घोष और ‘सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तान हमारा’ जैसे देशभक्ति गीतों ने वातावरण को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। सड़क पर लहराते तिरंगों का दृश्य मानो स्वतंत्रता दिवस से पहले ही पूरे शहर को राष्ट्रीय पर्व के उत्सव में बदल रहा था। तिरंगा यात्रा में पुलिस, पीएसी, होमगार्ड, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड, सफाई कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, छात्र-छात्राएं सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। यह केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि जालौन की एकजुट राष्ट्रभावना का विराट प्रदर्शन बन गई। यात्रा के मार्ग में शहरवासियों ने जगह-जगह आत्मीय स्वागत किया और पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों का उत्साह बढ़ाया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर आयु वर्ग के लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति का भाव स्पष्ट दिखाई दिया।विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि तिरंगा प्रत्येक भारतीय के गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है। इसके सम्मान में देश का प्रत्येक नागरिक भावनात्मक रूप से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है और इसमें सभी लोगों को पूरे उत्साह के साथ सहभागी बनना चाहिए।
माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन ने कहा कि देश को आजादी सहज रूप से नहीं मिली, बल्कि इसके लिए असंख्य वीरों ने अपना जीवन न्योछावर किया। तिरंगे के सम्मान का अर्थ उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान का सम्मान करना भी है।
कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की एकता और अखंडता का प्रतीक है। आज की तिरंगा यात्रा ने जनपदवासियों के भीतर देशप्रेम की भावना को और मजबूत किया है। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस को उत्साहपूर्वक मनाने और हर घर तिरंगा अभियान में सहभागिता करने की अपील की।
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रशासक घनश्याम अनुरागी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देश के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करने वाला अभियान है। उन्होंने जनपदवासियों से अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय पर्व में सहभागी बनने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत आज से 15 अगस्त तक जनपद में जिला प्रशासन, पुलिस, स्वयंसेवी संगठनों एवं विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से अनेक देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज जिला मुख्यालय पर विशाल तिरंगा यात्रा आयोजित की गई है। इसका उद्देश्य केवल तिरंगा फहराना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को यह एहसास कराना है कि देश की आजादी के पीछे कितने संघर्ष, त्याग और बलिदान की लंबी गाथा छिपी है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों तक का बलिदान दिया। उनका त्याग और योगदान राष्ट्र के इतिहास में सदैव अमर रहेगा। आजादी के इस अमूल्य उपहार की रक्षा करना और देश की एकता-अखंडता को मजबूत रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएं और स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व को पूरे उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि तिरंगा प्रत्येक भारतीय के गौरव का प्रतीक है और इसके सम्मान में पूरा जनपद एकजुट होकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करे।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने भी तिरंगा यात्रा में सहभागिता करते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रध्वज के सम्मान का संदेश दिया। पुलिस लाइन से टाउन हॉल तक निकली इस विशाल तिरंगा यात्रा ने जालौन की धरती पर देशभक्ति की ऐसी छटा बिखेरी कि पूरा शहर तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव राज, अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी, जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद सहित जनप्रतिनिधि छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें