कानपुर देहात। जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार की अध्यक्षता व अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिग्विजय सिंह की उपस्थिति में कर-करेत्तर एवं राजस्व कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार, कलेक्ट्रेट, कानपुर देहात में आयोजित की गई। बैठक में स्टाम्प, आबकारी, वाणिज्यकर, परिवहन, विद्युत, वन, खनिज तथा बाट-माप सहित विभिन्न विभागों की राजस्व वसूली की प्रगति की समीक्षा करते हुए अपर जिलाधिकारी ने निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को राजस्व वसूली के वार्षिक लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति हेतु प्रभावी कार्ययोजना के साथ कार्य करने को कहा। अपर जिलाधिकारी ने बड़े बकायेदारों पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा लंबित राजस्व वादों, स्टाम्प वादों, ऑडिट आपत्तियों एवं बेदखली वादों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व वसूली एवं वाद निस्तारण में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। बैठक में एंटी भू-माफिया अभियान के अंतर्गत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। अपर जिलाधिकारी ने शासन के मंशानुरूप आईजीआरएस, तहसील दिवस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन तथा जनप्रतिनिधियों के संदर्भों से प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि शिकायत निस्तारण के दौरान शिकायतकर्ता से अनिवार्य रूप से संपर्क स्थापित किया जाए तथा फीडबैक प्राप्त किया जाए, जिससे निस्तारण की गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके।
बैठक में परिवहन, विद्युत, वाणिज्यकर, आबकारी विभागों के अधिकारीगण, समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी नगर निकाय उपस्थित रहे।












