कानपुर देहात। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से क्षेत्राधिकारी यातायात ने सिकंदरा, शिवली और भोगनीपुर क्षेत्रों में लागू यातायात डायवर्जन व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में किए गए निरीक्षण के दौरान डायवर्जन प्वाइंट, बैरिकेडिंग, संकेतक बोर्ड, वैकल्पिक मार्ग, पार्किंग स्थल तथा यातायात संचालन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को यातायात का निर्बाध संचालन, कांवड़ियों की सुरक्षा तथा आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
क्षेत्राधिकारी यातायात ने आमजन को डायवर्जन व्यवस्था की स्पष्ट जानकारी देकर वैकल्पिक मार्गों से आवागमन कराने पर भी जोर दिया। साथ ही सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता, अनुशासन और समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
कानपुर देहात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान लागू यातायात डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें, पुलिस के दिशा-निर्देशों का अनुपालन करें और सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।












