कानपुर देहात। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 के तहत सावन के प्रथम सोमवार पर जिले के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय और अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद ने प्रमुख मंदिरों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक ने थाना रूरा क्षेत्र स्थित बानीपारा मंदिर, जबकि अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना रसूलाबाद क्षेत्र के बाणेश्वर मंदिर का भ्रमण किया। इस दौरान मंदिर परिसर, श्रद्धालुओं के आवागमन मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों, ड्यूटी प्वाइंट तथा अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। साथ ही श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान जिले के सभी प्रमुख मंदिरों और कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।












