नगीना मोड़ की जन पंचायत में सपा नेताओं का आह्वान—एकजुट होकर 2027 में बदलाव का संकल्प लें कार्यकर्ता

पुखरायां (कानपुर देहात)। भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम नगीना मोड़ में समाजवादी पार्टी के आह्वान पर आयोजित पड़ा जन पंचायत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रीय लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष राघव अग्निहोत्री ने पंचायत को संबोधित करते हुए कहा कि देश और प्रदेश के लोकतांत्रिक मूल्यों तथा संविधान की रक्षा के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा।

उन्होंने कहा कि भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा संविधान के माध्यम से देशवासियों को दिए गए मतदान के अधिकार की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए जागरूक होकर सही सरकार का चुनाव करना आवश्यक है, जिससे प्रदेश का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव लगातार समाज के हर वर्ग के उत्थान और अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं। हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर पर युवाओं द्वारा किए गए आंदोलन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं ने यह संदेश दिया है कि अपने अधिकारों की रक्षा के लिए स्वयं आगे आना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाकर विधानसभा भेजने का संकल्प लें।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव काशिफ खान ने कहा कि चुनाव की तैयारी का समय आ चुका है और अब किसी प्रकार की ढिलाई की गुंजाइश नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी भाईचारा, एकता और संगठन की मजबूती पर विशेष बल देते हुए कहा कि विरोधियों की विभाजनकारी राजनीति से सतर्क रहना होगा।

वहीं समाजवादी पार्टी की वरिष्ठ नेता डॉ. सीता यादव ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था लगातार कमजोर होती जा रही है तथा युवा, किसान और आम जनता विभिन्न समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश में विकास, बेहतर शिक्षा और रोजगार का वातावरण बनाना है तो समाजवादी पार्टी को मजबूत करना होगा, ताकि वर्ष 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बन सके।

कार्यक्रम के अंत में सभी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को पहुंचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

1 thought on “नगीना मोड़ की जन पंचायत में सपा नेताओं का आह्वान—एकजुट होकर 2027 में बदलाव का संकल्प लें कार्यकर्ता”

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें