कानपुर देहात। रूरा थाना पुलिस ने छह साल से फरार चल रहे ₹20,000 के इनामी और अंतरजनपदीय शातिर चोर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी विजय राजपूत निवासी झपटियापुर, थाना दिबियापुर, जनपद औरैया को मुखबिर की सूचना पर औरैया जिले के डगराहा मोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी थाना रूरा में दर्ज चोरी और माल बरामदगी के मामले में लंबे समय से फरार था। उसकी गिरफ्तारी न होने पर पुलिस अधीक्षक ने उस पर ₹20,000 का इनाम घोषित किया था। विशेष अभियान के तहत तलाश के दौरान पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी विजय राजपूत पर कानपुर देहात और औरैया के विभिन्न थानों में चोरी, चोरी का माल रखने, अपहरण सहित कुल छह आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर नियमानुसार न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है।









