कानपुर देहात। श्रावण मास और कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर कानपुर देहात में प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शनिवार को जिलाधिकारी कपिल सिंह और पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने डेरापुर क्षेत्र स्थित श्री कपालेश्वर महादेव मंदिर का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मंदिर परिसर, प्रवेश-निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग, भीड़ प्रबंधन, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस कर्मियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। डीएम और एसपी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी, एसडीएम डेरापुर, सीओ डेरापुर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।









