अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों के लिए सुनहरा अवसर, खेल निदेशालय करेगा मानदेय पर चयन

कानपुर देहात। खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में प्रदेश के विभिन्न खेल छात्रावासों में उत्कृष्ट प्रशिक्षण व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु 40 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को मानदेय के आधार पर आबद्ध किए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। इस संबंध में जिला खेल कार्यालय, कानपुर देहात द्वारा जनपद के पात्र अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
जिला क्रीड़ाधिकारी नीलम सिद्दीकी ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश के 34 खेल छात्रावासों में हॉकी, तैराकी, वॉलीबॉल, जिम्नास्टिक, एथलेटिक्स, क्रिकेट, फुटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, कबड्डी, कुश्ती, बॉक्सिंग, हैंडबॉल, जूडो तथा तीरंदाजी सहित 16 खेलों में प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चयनित अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को ₹1.50 लाख प्रतिमाह मानदेय पर प्रशिक्षण कार्य से संबद्ध किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ऐसे खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक, जिन्होंने ओलंपिक खेलों, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स तथा विश्व कप/विश्व चैम्पियनशिप (चार वर्षीय प्रतियोगिताओं) में प्रतिभाग किया हो, आवेदन करने के पात्र होंगे। इन प्रतियोगिताओं में पदक विजेता खिलाड़ियों को प्राथमिकता प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त पद्मश्री, खेल रत्न, अर्जुन पुरस्कार, द्रोणाचार्य पुरस्कार अथवा ध्यानचंद पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक भी पात्र होंगे। ऐसे प्रशिक्षक जिन्होंने भारतीय टीम को ओलंपिक, विश्व कप, एशियन गेम्स अथवा कॉमनवेल्थ गेम्स में प्रशिक्षण दिया हो, उन्हें भी योग्य माना जाएगा।
आवेदकों के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से न्यूनतम स्नातक उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इच्छुक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक जिला खेल कार्यालय, कानपुर देहात से निर्धारित आवेदन प्रपत्र प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन पत्र की तीन प्रतियां समस्त शैक्षिक एवं खेल संबंधी प्रमाण-पत्रों सहित दिनांक 10 अगस्त, 2026 की सायं 5:00 बजे तक जिला खेल कार्यालय, कानपुर देहात में जमा करनी होंगी।
जिला क्रीड़ाधिकारी ने सभी पात्र खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों से समयावधि के भीतर आवेदन प्रस्तुत करने का आग्रह किया है, ताकि चयन प्रक्रिया के लिए अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें