कानपुर देहात। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ जय गोविंद ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को गंभीर संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखने हेतु दिनांक 03, 04, 06 एवं 07 अगस्त 2026 को विशेष टी.डी./डी.पी.टी. टीकाकरण अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत जनपद के समस्त ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को विद्यालय आधारित टीकाकरण कार्यक्रम के माध्यम से आच्छादित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जनपद के सभी विकास खण्डों में बुधवार एवं शनिवार को छोड़कर अन्य सभी कार्य दिवसों में विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केन्द्रों पर ए.एन.एम. द्वारा टीकाकरण किया जाएगा। अभियान के दौरान डी.पी.टी.-2 बूस्टर के अंतर्गत 5 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों (संभावित कक्षा-1), टी.डी.-10 के अंतर्गत 10 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों (संभावित कक्षा-4 एवं 5) तथा टी.डी.-16 के अंतर्गत 16 वर्ष आयु वर्ग के किशोर-किशोरियों (संभावित कक्षा-10 एवं 11) को अतिरिक्त खुराक प्रदान की जाएगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि टी.डी. एवं डी.पी.टी. टीके बच्चों को टिटनेस, डिप्थीरिया तथा परट्यूसिस (काली खांसी) जैसी गंभीर बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करते हैं। समय पर टीकाकरण बच्चों के स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने बच्चों को निर्धारित तिथियों में निकटतम टीकाकरण सत्र, विद्यालय अथवा आंगनबाड़ी केन्द्र पर अवश्य लेकर जाएं तथा उन्हें टी.डी./डी.पी.टी. टीकाकरण का लाभ दिलाएं, ताकि जनपद के सभी पात्र बच्चे इन बीमारियों से सुरक्षित रह सकें। जनसहभागिता एवं अभिभावकों के सहयोग से ही शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।












