‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ का शुभारंभ, शिक्षकों एवं उनके आश्रितों को मिलेगी ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा

कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  द्वारा जनपद आगरा से उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों एवं उनके आश्रितों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने हेतु ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद कानपुर देहात के राजकीय महाविद्यालय, अकबरपुर में देखा एवं सुना गया।
कार्यक्रम में  राज्य मंत्री  प्रतिभा शुक्ला , भाजपा जिला अध्यक्ष रेणुका सचान , जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट  कपिल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारी, महाविद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने मुख्यमंत्री  के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना तथा योजना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
इस अवसर पर राज्य मंत्री  प्रतिभा शुक्ला  एवं जिलाधिकारी  कपिल सिंह द्वारा शिक्षकों को प्रतीकात्मक रूप से कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड वितरित किए गए। साथ ही उपस्थित शिक्षकों को योजना के उद्देश्यों, पात्रता, लाभों एवं उपयोग की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए  राज्य मंत्री  प्रतिभा शुक्ला  ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। शिक्षक समाज निर्माण एवं राष्ट्र निर्माण के महत्वपूर्ण आधार स्तंभ हैं। उनके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह योजना लागू की गई है, जिससे शिक्षकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि यह योजना शिक्षकों के जीवन में सुरक्षा एवं विश्वास का नया अध्याय जोड़ेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाले शिक्षकों के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए यह योजना अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जनकल्याणकारी पहल है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र शिक्षक परिवार को ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उन्हें गंभीर बीमारियों के उपचार के दौरान आर्थिक कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र शिक्षकों को योजना का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से उपलब्ध कराया जाए तथा उन्हें आवश्यक जानकारी एवं सहयोग प्रदान किया जाए।
कार्यक्रम में बताया गया कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के माध्यम से प्रदेश के 7.50 लाख से अधिक शिक्षकों एवं उनके आश्रितों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिलेगा। योजना के अंतर्गत सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे शिक्षकों एवं उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं सुलभ हो सकेंगी।
उपस्थित शिक्षकों ने प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षकों के हित में शुरू की गई इस महत्वपूर्ण योजना के लिए आभार व्यक्त किया तथा इसे शिक्षकों के सामाजिक एवं स्वास्थ्य सुरक्षा कवच को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक कदम बताया।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, उप जिलाधिकारी अकबरपुर, तहसीलदार अकबरपुर, उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्राचार्यगण, शिक्षकगण तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें