मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना से साकार हुआ आत्मनिर्भरता का सपना, मजदूरी से सफल उद्यमी बने आशीष प्रजापति

 

कानपुर देहात। प्रदेश के  मुख्यमंत्री  योगी आदित्यनाथ  के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित स्वरोजगारपरक योजनाएं युवाओं के सपनों को नई उड़ान दे रही हैं। सरकार का उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों एवं माटीकला से जुड़े लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। इसी संकल्प को साकार करने का कार्य मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना के माध्यम से किया जा रहा है, जिसके फलस्वरूप जनपद कानपुर देहात के ग्राम अण्डवां, पोस्ट हांसेमऊ निवासी  आशीष प्रजापति आज एक सफल उद्यमी के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं।
मुख्यमंत्री  योगी आदित्यनाथ  की प्रेरणा एवं दूरदर्शी सोच के अनुरूप प्रदेश सरकार पारंपरिक उद्योगों को नई पहचान देने तथा स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो आर्थिक रूप से कमजोर एवं स्वरोजगार स्थापित करने के इच्छुक युवाओं के लिए वरदान साबित हो रही है।
आशीष प्रजापति ने इंटरमीडिएट तक की शिक्षा प्राप्त करने के पश्चात आर्थिक परिस्थितियों के कारण मजदूरी का कार्य करना प्रारंभ किया। सीमित आय के कारण वे अपने परिवार का भरण-पोषण तो कर रहे थे, किंतु स्वयं का व्यवसाय स्थापित करने का उनका सपना अधूरा था। इसी दौरान उन्हें समाचार पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना की जानकारी प्राप्त हुई, जिसने उनके जीवन को नई दिशा प्रदान की।
योजना की जानकारी प्राप्त होने पर उन्होंने जिला ग्रामोद्योग एवं माटीकला कार्यालय (उ०प्र० माटीकला बोर्ड), कानपुर देहात से संपर्क किया। विभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं सहयोग से उन्हें बैंक ऑफ बड़ौदा, डीघ शाखा से 05 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ। साथ ही योजना के अंतर्गत टर्म लोन पर 25 प्रतिशत अनुदान (सब्सिडी) का लाभ भी प्राप्त हुआ। इससे उनका स्वयं का व्यवसाय स्थापित करने का सपना साकार हो सका।
वित्तीय सहायता प्राप्त होने के उपरांत उन्होंने अपनी कुम्हारी कला निर्माण इकाई की स्थापना की। वर्तमान में वे हुंडा, दीये, गुल्लक, मटका, सुराही सहित विभिन्न प्रकार के मिट्टी से निर्मित उत्पादों का निर्माण कर उनकी आपूर्ति एवं बिक्री जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में कर रहे हैं। उनके उत्पादों को स्थानीय स्तर पर अच्छी पहचान मिल रही है और व्यवसाय निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।
बैंक शाखा द्वारा भी यह अवगत कराया गया है कि उनके ऋण खाते का संचालन नियमित एवं संतोषजनक ढंग से किया जा रहा है। व्यवसाय की सफलता ने न केवल उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाया है, बल्कि उनके परिवार के जीवन स्तर में भी सकारात्मक परिवर्तन आया है। वर्तमान में उन्हें अपनी इकाई के संचालन में किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं है तथा वे अपने व्यवसाय का विस्तार करने की दिशा में भी प्रयासरत हैं।
आशीष प्रजापति का कहना है कि यदि उन्हें  मुख्यमंत्री  की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ प्राप्त न हुआ होता, तो संभवतः वे आज भी मजदूरी करने के लिए विवश होते। मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना ने उन्हें न केवल स्वरोजगार उपलब्ध कराया, बल्कि आत्मसम्मान के साथ जीवनयापन करने का अवसर भी प्रदान किया है।
यह सफलता की कहानी इस बात का सशक्त प्रमाण है कि मुख्यमंत्री  योगी आदित्यनाथ  के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी एवं रोजगारोन्मुखी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही हैं। मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना पारंपरिक कारीगरों के कौशल को नई पहचान देने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।  आशीष प्रजापति की सफलता निश्चित रूप से जनपद के अन्य युवाओं एवं कारीगरों के लिए प्रेरणास्रोत है।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें