श्रावण मास, कांवड़ यात्रा, चेहल्लुम एवं बारावफात के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने की पीस कमेटी की बैठक, दिये निर्देश

श्रावण मास, कांवड़ यात्रा, चेहल्लुम एवं बारावफात के दृष्टिगत सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से करें सुनिश्चित: जिलाधिकारी

कानपुर देहात।आगामी श्रावण मास, कांवड़ यात्रा, चेहल्लुम एवं बारावफात को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के दृष्टिगत आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय की उपस्थिति में जिला स्तरीय शांति समिति (पीस कमेटी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों एवं आयोजकगण से संवाद स्थापित करते हुए उनके सुझावों एवं समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद की सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारा एवं गंगा-जमुनी तहजीब हमारी अमूल्य धरोहर है, जिसे बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सभी पर्व एवं धार्मिक आयोजन आपसी सद्भाव, अनुशासन एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराए जाएं, जिससे जनसामान्य को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात एवं सुरक्षा प्रबंधन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर किसी भी प्रकार का अवरोध नहीं होना चाहिए तथा श्रद्धालुओं के सुगम एवं सुरक्षित आवागमन हेतु समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने संबंधित विभागों को यात्रा मार्गों की साफ-सफाई, आवश्यकतानुसार अस्थायी प्रकाश व्यवस्था, पेयजल की उपलब्धता तथा चिकित्सा सुविधाओं को सक्रिय रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को संयुक्त रूप से भ्रमण कर कांवड़ यात्रा मार्गों का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी व्यवस्थाओं का सूक्ष्मता से परीक्षण किया जाए तथा जहां कहीं भी कमियां परिलक्षित हों, उन्हें तत्काल दूर कराया जाए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि जनसामान्य एवं श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही, कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखने तथा सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्मों पर प्रसारित होने वाली भ्रामक एवं आपत्तिजनक सूचनाओं पर तत्काल संज्ञान लेकर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दिया जाए तथा किसी भी सूचना के संबंध में प्रशासन से सत्यापन के उपरांत ही उसे साझा किया जाए।
बैठक में चेहल्लुम एवं बारावफात के आयोजनों के संबंध में भी विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जुलूस मार्गों का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा आयोजकों के साथ सतत समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी आयोजन निर्धारित मानकों एवं अनुमति की शर्तों के अनुरूप संपन्न कराए जाएं तथा ध्वनि प्रदूषण एवं अन्य निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि यात्रा एवं जुलूस मार्गों पर लटक रहे विद्युत तारों, विद्युत पोलों एवं अन्य संभावित जोखिम वाले स्थलों का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जाए। नगर निकायों को स्वच्छता एवं जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं एवं एम्बुलेंस सेवाओं को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु आवश्यकतानुसार डायवर्जन प्लान तैयार कर उसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में उपस्थित सभी धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों एवं आयोजकगण ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए जनपद की आपसी सद्भाव एवं भाईचारे की परंपरा को अक्षुण्ण बनाए रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
अंत में जिलाधिकारी ने आगामी पर्वों एवं आयोजनों के दौरान शांति, सौहार्द एवं सामाजिक समरसता बनाए रखने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि जनसहभागिता एवं प्रशासनिक समन्वय से सभी आयोजन सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए जाएंगे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, उप जिलाधिकारी भोगनीपुर देवेन्द्र सिंह, उप जिलाधिकारी सिकन्दरा उषा सिंह, उप जिलाधिकारी मैथा प्रतिभा मिश्रा, उप जिलाधिकारी डेरापुर सुप्रिया गुप्ता, उप जिलाधिकारी रसूलाबाद अभिषेक कुमार, उप जिलाधिकारी अकबरपुर राजकुमार पाण्डेय, समस्त क्षेत्राधिकारी सहित जिला पंचायत राज अधिकारी विकास पटेल, एसीएमओ डा0 सुखलाल वर्मा सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण, विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु, संभ्रांत नागरिक एवं आयोजकगण उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें