कानपुर देहात। स्वास्थ्य विभाग ने बेसमेंट में संचालित अस्पतालों, नर्सिंग होम और पैथोलॉजी सेंटरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। महानिदेशालय और उच्चाधिकारियों के निर्देश पर जिले में सात संस्थानों की जांच की गई, जिसमें कई गंभीर कमियां पाई गईं।
जांच के दौरान ब्रह्मा नर्सिंग होम, वरदान हॉस्पिटल, नोवा हॉस्पिटल, राजावत हॉस्पिटल, लोकप्रिय हॉस्पिटल, अकबरपुर चैरिटेबल ब्लड बैंक तथा शारदा आई केयर एंड पैथोलॉजी सेंटर में अनियमितताएं सामने आईं। जांच रिपोर्ट के आधार पर सभी संस्थानों के संचालकों को दो दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने के लिए नोटिस जारी किया गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि यदि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि मरीजों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।













