कानपुर देहात। राजपुर विकासखंड में ग्राम पंचायत अधिकारियों ने दो माह से वेतन न मिलने के विरोध में को काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया। अधिकारियों ने शासन और प्रशासन के प्रति नाराजगी जताते हुए मांगें पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी दी।
ग्राम पंचायत अधिकारी समन्वय समिति के अध्यक्ष अनुराग त्रिवेदी ने बताया कि ई-ऑफिस प्रणाली लागू किए जाने की घोषणा तो की गई, लेकिन कर्मचारियों को न तो प्रशिक्षण दिया गया और न ही आवश्यक आईडी उपलब्ध कराई गई। इसके बावजूद तकनीकी कारणों का हवाला देकर दो माह से वेतन रोक दिया गया, जिससे कर्मचारियों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अकबरपुर तहसील क्षेत्र की सागसियापुर ग्राम पंचायत में कथित सात लाख रुपये के गबन मामले में तीन ग्राम पंचायत अधिकारियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच किए बिना मुकदमा दर्ज कर दिया गया, जिससे कर्मचारियों में रोष है।
ग्राम पंचायत अधिकारियों ने लंबित वेतन का तत्काल भुगतान, ई-ऑफिस व्यवस्था के सुचारु संचालन के लिए प्रशिक्षण एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने तथा कथित गबन प्रकरण में निष्पक्ष जांच के बाद ही कार्रवाई किए जाने की मांग की। चेतावनी दी गई कि मांगें पूरी न होने पर पूरे जनपद में आंदोलन तेज करते हुए अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
प्रदर्शन में अंकित सचान, दीपक यादव, कीर्ति गुप्ता, विपिन यादव, चंद्र प्रकाश कुशवाहा, धर्मेंद्र सिंह सहित कई ग्राम पंचायत अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
संवाददाता
साहिल कटियार
सिकंदरा कानपुर देहात













