एडीजी कानपुर जोन ने अकबरपुर थाने का किया औचक निरीक्षण, पुलिस व्यवस्था परखी

कानपुर देहात। अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ (आईपीएस) एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक यमुना प्रसाद ने अकबरपुर थाने का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, कार्यालय अभिलेख, अपराध रजिस्टर, महिला हेल्प डेस्क, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, भोजनालय, बैरक तथा साफ-सफाई व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने लंबित विवेचनाओं, महिला एवं बाल अपराधों, जनशिकायतों के निस्तारण, अपराध नियंत्रण, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी तथा कानून-व्यवस्था संबंधी कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विवेचनाओं के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा शिकायतों के त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान थाना अभिलेखों के अद्यतन रखरखाव, उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए गए। एडीजी ने पुलिस कर्मियों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और उन्हें बेहतर पुलिसिंग एवं जनसेवा के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने पुलिस कर्मियों को जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने, महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी और निरंतर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें