बिजली कटौती से भड़के ग्रामीण, आधी रात बिजली घर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष केपी सिंह के नेतृत्व में धरना

 

झींझक, कानपुर देहात। क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और करीब 40 गांवों की बाधित विद्युत आपूर्ति को लेकर बुधवार देर रात ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। ग्रामीणों की शिकायत मिलते ही भाजपा जिला उपाध्यक्ष कुँवर कृष्ण प्रताप सिंह सेंगर आधी रात पुराना बिजली घर, झींझक पहुंच गए और ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठ गए।
धरने के दौरान बिजली विभाग की कार्यशैली के खिलाफ ग्रामीणों ने जमकर नारेबाजी की। विरोध का अनोखा दृश्य तब देखने को मिला जब भाजपा जिला उपाध्यक्ष ने ग्रामीणों के साथ जमीन पर बैठकर हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया। यह विरोध प्रदर्शन रात करीब 12 बजे शुरू हुआ और लगभग दो घंटे तक चलता रहा।
ग्रामीणों का आरोप था कि क्षेत्र के लगभग 40 गांवों में लगातार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। भीषण गर्मी के बीच बार-बार बिजली कटने से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विभागीय अधिकारी फोन तक नहीं उठा रहे हैं, जिससे जनता में भारी नाराजगी व्याप्त है।
मामले की जानकारी मिलते ही रसूलाबाद विधायक पूनम संखवार ने भाजपा जिला उपाध्यक्ष कुँवर कृष्ण प्रताप सिंह सेंगर से फोन पर वार्ता कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने उच्च अधिकारियों से बातचीत कर दोषी कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
आधी रात बिजली घर परिसर में हुए इस धरना-प्रदर्शन की चर्चा पूरे क्षेत्र में रही। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे आगे और बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें