कानपुर देहात। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने अकबरपुर-रूरा रोड पर भारी पुलिस बल और समस्त राजपत्रित अधिकारियों के साथ पैदल गश्त (फ्लैग मार्च) कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को संवेदनशीलता एवं सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय व्यापारियों, संभ्रांत नागरिकों और आमजन से संवाद स्थापित कर शांति और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की तथा सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान नए रिक्रूट आरक्षियों को भी विशेष ब्रीफिंग दी गई। उन्हें भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने और जनता के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखते हुए मुस्तैदी से ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी शरारती तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। जनपद में शांति और सुरक्षा बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। फ्लैग मार्च में अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी तथा बड़ी संख्या में पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मी मौजूद रहे।














