कानपुर देहात। आमजन की समस्याओं के त्वरित और न्यायपूर्ण समाधान के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय एवं अपर पुलिस अधीक्षक ने अपने-अपने कार्यालयों में जनसुनवाई की। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों और पीड़ितों को सम्मानपूर्वक बैठाकर उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना गया।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने शिकायतकर्ताओं को निष्पक्ष न्याय का भरोसा दिलाते हुए प्राप्त प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों के पास भेजा और उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इसी क्रम में जनपद के सभी क्षेत्राधिकारीगण ने भी अपने-अपने कार्यालयों में जनसुनवाई कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं को न्यायोचित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए संबंधित मामलों में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
पुलिस विभाग द्वारा नियमित रूप से आयोजित की जा रही जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन और पुलिस के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना तथा लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे, जिनकी समस्याओं के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।













