कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध नियंत्रण एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत विभिन्न थाना पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की।
थाना अकबरपुर पुलिस ने वारंटी अभियुक्त धर्मेन्द्र पुत्र ओमकार निवासी अमरौधा को गिरफ्तार किया। वहीं दुष्कर्म एवं अन्य धाराओं से संबंधित मुकदमे में वांछित अभियुक्त चांदबाबू शेख निवासी उन्नाव को भी गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई की गई।
थाना डेरापुर पुलिस ने मारपीट के एक पुराने मुकदमे में वांछित वारंटी सुरेश चन्द्र को गिरफ्तार किया। वहीं थाना सट्टी पुलिस ने अंकुश बाबू को 20 अवैध क्वार्टर देशी शराब के साथ गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया।
इसके अतिरिक्त जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 22 व्यक्तियों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के अंतर्गत चालानी कार्रवाई की। यह कार्रवाई अकबरपुर, रूरा, गजनेर, मूसानगर, राजपुर और रसूलाबाद थाना क्षेत्रों में की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराधियों और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।













