कानपुर देहात। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में आयोजित योग सप्ताह के क्रम में पुलिस लाइन कानपुर देहात में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के नेतृत्व एवं अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
योगाभ्यास के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। साथ ही योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों के बारे में जानकारी देते हुए नियमित योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस कर्मियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, तनावमुक्त रहने तथा कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए योग के महत्व पर विशेष रूप से जागरूक किया गया। इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक प्रेमचन्द्र शुक्ला सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
योग सप्ताह के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाना तथा उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाना है।













