कानपुर देहात में आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट स्थित माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार में जनपद स्तरीय पीस कमेटी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी कपिल सिंह ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, धर्मगुरु, ताजियादार और संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।
बैठक में मुहर्रम जुलूस मार्गों, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, पेयजल और विद्युत आपूर्ति सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। धर्मगुरुओं और नागरिकों द्वारा रखे गए सुझावों व समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समन्वय के साथ समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए तथा अफवाहों से बचने और भाईचारे की परंपरा बनाए रखने की अपील की। वहीं पुलिस अधीक्षक ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग की जा रही है। बैठक में सभी समुदायों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।













