प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर रसूलाबाद में जनकल्याण स्वास्थ्य शिविर आयोजित

 

विधायक पूनम शंखवार ने किया शुभारंभ, आयुष्मान कार्ड, टीबी पोषण पोटली एवं स्वास्थ्य किट वितरित

कानपुर देहात। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 140 करोड़ भारतीयों की सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान को समर्पित केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकासखंड रसूलाबाद परिसर में जनकल्याण स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन एवं क्रियान्वयन खंड विकास अधिकारी विपुल विक्रम सिंह के निर्देशन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक पूनम संखवार तथा विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अक्षय द्विवेदी रहे। विधायक पूनम शंखवार ने फीता काटकर शिविर का शुभारंभ किया और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान, स्वास्थ्य सुरक्षा और समग्र विकास के लिए निरंतर कार्यरत है।
विशिष्ट अतिथि अक्षय द्विवेदी ने कहा कि सरकार की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन ही उनके वास्तविक उद्देश्य को पूरा करता है। उन्होंने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी देते हुए लोगों को अपने अधिकारों एवं सरकारी सुविधाओं के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिक ही योजनाओं का पूर्ण लाभ प्राप्त कर सकता है।
इस अवसर पर विधायक पूनम शंखवार एवं अक्षय द्विवेदी द्वारा टीबी रोगी करुनेन्द्र कुमार एवं नरेंद्र को टीबी पोषण पोटली प्रदान की गई। साथ ही छह फाइलेरिया रोगियों को स्वास्थ्य किट वितरित की गई। इसके अतिरिक्त पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड प्रदान कर स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ सुनिश्चित किया गया।
शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया तथा विभिन्न स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ना तथा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम का समापन स्वस्थ, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के संकल्प के साथ हुआ।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें