कानपुर देहात। केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन, संस्कार एवं सम्मान के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगर पंचायत रनियां के अंतर्गत वार्ड संख्या-01, सुभाष नगर (मलिन बस्ती) में जन जागरूकता शिविर एवं जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन तथा पीएम प्रणाम योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लाभ एवं पात्रता की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही लोगों को इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार में महिला कल्याण एवं बाल विकास, पुष्टाहार विभाग की राज्य मंत्री एवं पूर्व सांसद प्रतिभा शुक्ला तथा पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी रहे। अतिथियों द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया तथा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत माता मंदिर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने उपस्थित महिलाओं एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद करते हुए सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दी और कहा कि सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील भी की।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष वितान दिवाकर, नायब तहसीलदार विक्रम पासवान, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत रनियां मनीष राय, पुलिस चौकी प्रभारी रनियां विनोद कुमार, क्षेत्रीय लेखपाल प्रदीप सिंह गौर तथा जिला प्रोबेशन कार्यालय, कानपुर देहात से अनीता यादव सहित अन्य अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
इसके अतिरिक्त भाजपा मंडल अध्यक्ष कानपुर देहात धर्मेंद्र कुशवाहा, संजय पाण्डेय, प्रधान राकेश, समाजसेवी सोनी मिश्रा, पम्मी सिंह, शील मिश्रा, सम्राट चिराग सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाकर पात्र व्यक्तियों को उनका लाभ दिलाना तथा जनसंवाद के माध्यम से लोगों की समस्याओं और सुझावों से अवगत होना रहा।












