भर्तियों में आरक्षण की अनदेखी का आरोप, पीडीए समाज के हक की लड़ाई तेज करेगी सपा

सामाजिक न्याय पर हमला बर्दाश्त नहीं, जनजागरण अभियान चलाकर जनता के बीच जाएगी समाजवादी पार्टी

कानपुर देहात। समाजवादी पार्टी कानपुर देहात द्वारा जिला कार्यालय माती में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश एवं केंद्र सरकार पर पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज के आरक्षण अधिकारों की अनदेखी करने का गंभीर आरोप लगाया गया। प्रेस वार्ता में पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि विभिन्न सरकारी भर्तियों में आरक्षित वर्गों को उनके संवैधानिक अधिकारों से वंचित किया गया है, जिसके विरोध में समाजवादी पार्टी व्यापक जनआंदोलन छेड़ेगी।
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष अरुण कुमार बब्बू राजा ने कहा कि सामाजिक न्याय और समान अवसर संविधान की मूल भावना है, लेकिन सरकार की नीतियों के चलते पिछड़े, दलित एवं वंचित वर्गों के अधिकारों पर लगातार कुठाराघात हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई महत्वपूर्ण भर्तियों में आरक्षण व्यवस्था का सही ढंग से पालन नहीं किया गया, जिससे पीडीए समाज के लाखों युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय हुआ है।
प्रेस वार्ता के दौरान वर्ष 2019 की 69 हजार शिक्षक भर्ती सहित कई विभागीय भर्तियों का उल्लेख करते हुए कहा गया कि आरक्षित वर्गों को निर्धारित हिस्सेदारी नहीं मिल सकी। पार्टी नेताओं ने दावा किया कि ओबीसी, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग को मिलने वाले आरक्षण में बड़े स्तर पर कटौती की गई, जिससे इन वर्गों के युवाओं को रोजगार के अवसरों से वंचित होना पड़ा।
सपा नेताओं ने बताया कि वन एवं जीव रक्षक भर्ती, बांदा कृषि विश्वविद्यालय भर्ती परीक्षा, एडेड जूनियर हाईस्कूल भर्ती, ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती, नेत्र परीक्षण अधिकारी भर्ती, प्रवर्तन कांस्टेबल भर्ती, लेखपाल भर्ती, पशु चिकित्सक भर्ती, स्वास्थ्य एवं शिक्षा अधिकारी भर्ती, चिकित्सा अधिकारी भर्ती, सहायक चकबंदी अधिकारी भर्ती तथा कृषि प्राविधिक सहायक भर्ती समेत कई चयन प्रक्रियाओं में आरक्षण व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी अब पीडीए समाज के बीच जाकर जनजागरण अभियान चलाएगी। पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव, कस्बे-कस्बे पहुंचकर लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगे और जरूरत पड़ने पर लोकतांत्रिक तरीके से सड़क से सदन तक संघर्ष किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा सामाजिक न्याय, समान भागीदारी और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी पीडीए समाज के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती के साथ लड़ती रहेगी।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री शिवकुमार बेरिया, पूर्व राज्य मंत्री कुलदीप संखवार, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी नरेंद्र पाल मनु, जिला उपाध्यक्ष राम अवतार इंजीनियर, हांजी फैजान खान अकरम कुरैशी, जिला महासचिव पवन कटियार, भोगनीपुर विधानसभा अध्यक्ष राघव अग्निहोत्री, विधानसभा अध्यक्ष यदुनंदन यादव, विधानसभा अध्यक्ष उमेश पटेल, विधानसभा अध्यक्ष राजपूत जी सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रेस वार्ता में पीडीए समाज के अधिकारों की रक्षा और सामाजिक न्याय की लड़ाई को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों की उपस्थिति रही।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें