कानपुर देहात। सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से कानपुर देहात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 246 वाहनों का चालान किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में मंगलवार को जनपद भर में यह अभियान चलाया गया। अभियान के तहत बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग करने, हेलमेट न पहनने, बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस टीमों ने विभिन्न प्रमुख मार्गों और चौराहों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाते हुए नियमों की अनदेखी करने वालों पर जुर्माना लगाया। इस दौरान सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक भी किया गया।
कानपुर देहात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे स्वयं की और दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा वाहन चलाते समय सभी आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।










