कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में अपराध नियंत्रण एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही शांति भंग की आशंका में 14 व्यक्तियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई।
थाना सट्टी पुलिस ने न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर मु.नं. 285/23 धारा 125(3) दंड प्रक्रिया संहिता से संबंधित अभियुक्त इसरार पुत्र कादिर कुरैशी निवासी अफसरिया को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की।
वहीं थाना गजनेर पुलिस ने राजन कमल पुत्र लालमन निवासी जरैला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 30 देशी शराब के क्वार्टर बरामद किए। इस संबंध में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई।
इसके अलावा थाना मूसानगर पुलिस ने चोरी एवं आर्म्स एक्ट से संबंधित मुकदमे में वांछित अभियुक्त इरफान पुत्र इन्दुर खां निवासी कस्बा गजनेर को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 14 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की। इनमें थाना गजनेर के 4, रसूलाबाद के 3, बरौर के 1, सिकंदरा के 2, राजपुर के 1 तथा मंगलपुर के 3 व्यक्तियों का चालान किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाती रहेगी।










