कानपुर देहात। आज जिला मुख्यालय माती में गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित किए जाने एवं गोवंश हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाए जाने की मांग को लेकर “गो-रक्षार्थ धर्मयुद्ध यात्रा” का आगमन हो रहा है। यात्रा के संबंध में मंगलवार को माती मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कानपुर मंडल संयोजक शेषनारायण त्रिवेदी ‘पप्पू भइया’लोकसभा संयोजक आदित्य शुक्ला, एवं भोगनीपुर विधानसभा प्रभारी गौ- रक्षार्थ धर्म युद्ध यात्रा राघव अग्निहोत्री ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि परमाराध्य परमधर्माधीश उत्तराम्नाय ज्योतिषपीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ‘1008’ आगामी 31 मई 2026 को प्रातः 8:15 बजे जनपद कानपुर देहात की सीमा में प्रवेश करेंगे। यात्रा का प्रथम स्वागत कार्यक्रम भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र के यमुना पुल पर आयोजित होगा।
यात्रा के दौरान शंकराचार्य स्वामी विभिन्न धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन करेंगे तथा जनसभाओं को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के अंतर्गत भोगनीपुर, पुखरायां, मुसानगर, रसूलाबाद, अकबरपुर एवं सिकंदरा विधानसभा क्षेत्रों में स्वागत सभाएं आयोजित की जाएंगी।
आयोजकों के अनुसार 2 जून 2026 को रसूलाबाद विधानसभा क्षेत्र में धर्मगढ़ बाबा मंदिर में शंकराचार्य स्वामी जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके पश्चात अकबरपुर स्थित हिंदी भवन में भी एक विशाल कार्यक्रम प्रस्तावित है, जहां श्रद्धालुओं द्वारा शंकराचार्य जी की पादुका पूजन का आयोजन किया जाएगा।
पत्रकार वार्ता में बताया गया कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य गोमाता को राष्ट्रमाता घोषित कराने तथा गोवंश संरक्षण के प्रति जनजागरण फैलाना है। इस यात्रा के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क अभियान भी चलाया जाएगा।
इस अवसर पर यात्रा से जुड़े कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








